शनि का मीन राशि गोचर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शनि का मीन राशि गोचर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 1 अप्रैल 2025

शनि का मीन राशि गोचर प्रभाव - मकर राशि

मकर राशि

भो, जा, जी, जू, खी, खू, खो, गा

मकर राशि वालों के लिए शनि का मीन राशि में गोचर एक सुखद परिवर्तन लेकर आया है । इस गोचर का प्रभाव विशेष रूप से शनि की साढ़ेसाती के समाप्त होने के साथ जुड़ा हुआ है । शनि के साढ़ेसाती के बाद अब मकर राशि वालों के लिए यह समय न केवल राहतकारी रहेगा, वरन् नवीन अवसर भी प्रदान करेगा । भाग्य का साथ मिलेगा तथा कार्यों में आ रहे अवरोध दूर होंगे,सकारात्मक दृष्टिकोण में वृद्धि देखने को मिलेगी । इन सबके परिणामस्वरूप परिश्रम एवं प्रयासों के अनुरूप प्रतिफलों की प्राप्ति होगी।

जन्मराशि से तृतीय भाव में गोचर कर रहे शनि की तीसरी पूर्ण दृष्टि पंचम भाव पर पड़ेगी, जिसके चलते मकर राशि वाले जातकों को यश और प्रसिद्धि के नवीन अवसर प्राप्त होंगे । सन्तति से सम्बन्धित शुभ समाचारों की प्राप्ति होगी,साथ ही, इतिहास, पुराण, ज्योतिष एवं पराविद्याओं के अध्ययन में अभिरुचि बढ़ेगी ।

तृतीय भाव में गोचर कर रहे शनि की सप्तम दृष्टि नवम भाव पर रहेगी, जिसके प्रभाव से भाग्य का साथ मिलने लगेगा तथा कॅरिअर में बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे,माता-पिता से कुछ मतभेद रह सकते हैं ।

शनि का द्वादश भाव पर भी दृष्टि प्रभाव रहेगा, जिसके परिणामस्वरूप विगत गोचरावधि में जो अनाश्यक खर्चों में वृद्धि हुई थी, उस पर प्रभावी नियन्त्रण सम्भव होगा। स्वास्थ्य बेहतर होगा तथा सामाजिक एवं परोपकार से सम्बन्धित गतिविधियों में सक्रियता बढ़ेगी |

स्वास्थ्य का सुधार : शनि के मीन राशि में गोचर के दौरान मकर राशि वालों के स्वास्थ्य में सुधार होगा । आपका आत्मविश्वास और मनोबल मजबूत होगा । दीर्घकालिक बीमारियों में राहत का अनुभव होगा  |

पारिवारिक सुख में वृद्धि पारिवारिक जीवन में : तृतीय भाव में शनि के गोचर का प्रभाव सामान्य रूप से सकारात्मक रहेगा,पिछले कुछ समय से जो पारिवारिक समस्याएँ और गृहक्लेश की परिस्थितियाँ चल रही थीं, उनमें अब राहत देखने को मिलेगी । आपसी सामंजस्य और समझ बढ़ेगी हालाँकि भाई-बहिनों के साथ आपके सम्बन्धों में थोड़ी चिंता हो सकती है, लेकिन यह गोचर आपके लिए पारिवारिक सम्बन्धों में सुधार लाने में सहायक रहेगा । घर में मांगलिक कार्यों के होने के योग बन रहे हैं और विवाह तथा सन्तान सम्बन्धी इच्छाएँ पूरी हो सकती हैं । सामाजिक मान-सम्मान में भी वृद्धि होगी ।

आर्थिक स्थिति में सुधार : आर्थिक दृष्टि से शनि का मीन राशि में गोचर आपके लिए शुभ रहेगा । इस अवधि में आपकी आय के स्रोतों में जो रुकावटें आई थी, वे समाप्त हो सकती हैं । नए आय के स्रोत उत्पन्न होंगे और पुराने निवेश से लाभ प्राप्त होगा । इस अवधि में उधारी की समस्याएँ भी कम हो सकती हैं,खर्चों पर नियंत्रण रहेगा और आपको अपनी वित्तीय स्थिति को सुधारने का अच्छा अवसर मिलेगा । इसके अलावा, अचल संपत्ति के मामलों में भी शुभ समाचार मिल सकते हैं । नए निवेश की योजना बन सकती है और शेयर, म्यूचुअल फण्ड आदि से लाभ होने के योग बन रहे हैं |

नौकरी और कॅरिअर : इस गोचर का प्रभाव नौकरी और कॅरिअर पर भी सकारात्मक होगा । नौकरीपेशा मकर राशि के जातकों के लिए यह समय विशेष रूप से लाभकारी रहेगा। पदोन्नति, वेतन वृद्धि, और उच्च अधिकारियों से सकारात्मक समाचार मिलने की संभावना है । आपके कार्यों की समय पर सफलता से आपको मानसिक संतोष मिलेगा और आप अपने लक्ष्यों को शीघ्रता से पूरा कर पाएँगे । यदि आप बेरोजगार हैं, तो इस अवधि में आपको नौकरी प्राप्त होने के योग बन रहे हैं |

कैसा रहेगा मकर राशि वाले जातकों का व्यवसाय?

मकर राशि के व्यवसायियों के लिए शनि का मीन राशि में गोचर शुभ समाचार लेकर आ रहा है। अब आपकी साढ़ेसाती समाप्त हो गई है और शनि आपके लिए इस गोचरावधि में शुभ फलप्रद रहेंगे । यह गोचर आपके लिए नए लाभकारी अवसर लेकर आएगा। इस अवधि में व्यवसायियों को अपने कारोबार को विस्तार देने के लिए नए अवसर मिलेंगे और वे अपनी योजनाओं को सफलतापूर्वक क्रियान्वित कर पाएँगे । धनलाभ में वृद्धि साथ ही बिक्री में भी वृद्धि होने के आसार हैं । इसके अलावा, साझेदारों और सप्लायरों से अच्छा सहयोग मिलेगा ।

शनि का यह गोचर व्यवसायियों के अंदर न केवल उद्यमशीलता को बढ़ाएगा, वरन् उनके कार्यों में दृढ़ निश्चय और पहल करने की प्रवृत्ति को भी जाग्रत करेगा। इस दौरान व्यवसायी नए अवसरों को पहचानने में सक्षम होंगे और उनका समुचित लाभ भी उठा पाएँगे। इस अवधि में सम्पत्ति में वृद्धि की संभावना है साथ ही, जो धन निवेश पहले किया गया था, उस पर अच्छे लाभ की प्राप्ति हो सकती है । इस अवधि में जो उधारी अटकी हुई थी, उसकी वसूली के योग भी बन रहे हैं, जिससे व्यवसायियों को आर्थिक लाभ होगा ।

तृतीय भाव में गोचर कर रहे शनि की तीसरी दृष्टि पंचम भाव पर पड़ेगी, जिसके फलस्वरूप व्यवसायी वर्ग अपने व्यवसाय की ब्राण्डिंग एवं इमेज बनाने की ओर प्रवृत्त होगा। डिजीटल मार्केटिंग एवं अन्य तरीकों से व्यवसाय में वृद्धि प्रयास होंगे |

शनि की दृष्टि नवम भाव पर होने से समाजसेवा, धर्म और परोपकार से जुड़े कार्यों में वृद्धि होती है । व्यवसायियों को इस अवधि में सामाजिक कार्यों में सक्रियता दिखाने का अवसर मिलेगा । वे अपने व्यवसाय से जुड़े सामाजिक दायित्वों को करने में भी सफल पूरा होंगे । द्वादश भाव पर शनि की दृष्टि से दान और परोपकार सम्बन्धी मामलों में सक्रियता रहेगी । इस गोचरावधि में विदेश से व्यापार के अवसर भी मिल सकते हैं और विदेशी कंपनियों के साथ व्यापारिक सम्बन्ध स्थापित होने की संभावना है ।

शनि के गोचर का राहतकारी उपाय : शनि की इस गोचरावधि से अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए कुछ उपाय किए जा सकते हैं |

पाँच कैरेट अथवा उससे अधिक वजन का नीलम शनिवार या किसी शुभ मुहूर्त में दाहिने हाथ की मध्यमा अँगुली में धारण करना चाहिए |

ॐ शं शनैश्चराय नमः' मंत्र का नियमित रूप से जप करें ।

वृद्धों और रोगियों की सेवा करना चाहिए |

शिवलिंग पर काले तिल चढ़ाने से शनि के सकारात्मक प्रभाव को बढ़ाया जा सकता है । 

गुरुवार, 20 मार्च 2025

कैसा रहेगा मीन का शनि मिथुन राशि के लिए

मिथुन राशि (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

मिथुन राशि वालों के लिए शनि का मीन राशि में गोचर बेहतर रहने की संभावना है । पिछली अवधि में जो बाधाएँ और समस्याएँ दिखाई दे रही थीं, वे अब कुछ हद तक कम हो सकती हैं हालांकि, कॅरिअर और घरेलू मामलों में कुछ चुनौतियाँ बनी रह सकती हैं |

मीन राशि में दशम भाव में गोचर करता हुआ शनि अपनी तीसरी पूर्ण दृष्टि से द्वादश भाव को देखता है, जिसके फलस्वरूप मिथुन राशि वाले व्यक्तियों के लिए कार्यों में अवरोध, खर्चों में वृद्धि एवं शत्रुजनित समस्याओं में वृद्धि के कारण परेशानी हो सकती है साथ ही, स्वास्थ्य भी प्रभावित हो सकता है यदि आप दीर्घकालिक रोगों से ग्रस्त हैं, तो इन दिनों सावधानी रखने की आवश्यकता है विशेषकर राशि परिवर्तन के आरम्भिक तीन-चार महीनों में।

मिथुन राशि से दशम भाव में गोचर करता हुआ शनि अपनी सप्तम पूर्ण दृष्टि से चतुर्थ भाव को देखता है, जिसके फलस्वरूप पारिवारिक क्लेश एवं समस्याओं में वृद्धि होती है । माता एवं अन्य परिजनों के स्वास्थ्य को लेकर चिन्ता हो सकती है साथ ही, जातक स्वयं हृदय, छाती आदि रोगों से प्रभावित हो सकता है ।

मिथुन राशि के जातकों के लिए मीन राशि में गोचर करता हुआ शनि अपनी दशम दृष्टि से सप्तम भाव को देखता है, जिसके फलस्वरूप एक ओर जहाँ जीवनसाथी और बिजनेस पार्टनर से सम्बन्धित रिश्तों के सम्बन्ध में कुछ परेशानी हो सकती हैं वहीं दूसरी ओर उदर एवं यूरोलॉजी से सम्बन्धित कुछ समस्याएँ भी परेशान कर सकती हैं।

स्वास्थ्य : इस गोचरावधि में स्वास्थ्य मिश्रित प्रभाव देने वाला रहेगा । हालाँकि कोई गम्भीर स्वास्थ्य समस्या नहीं दिखाई दे रही है, फिर भी हृदय और छाती से सम्बन्धित समस्याओं वाले लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। शारीरिक और मानसिक तनाव में कमी आएगी और स्वास्थ्य सामान्यतः अच्छा बना रहेगा |

पारिवारिक सुख पारिवारिक जीवन में यह अवधि बहुत अनुकूल नहीं है। घरेलू कलह और तनाव हो सकते हैं। माता-पिता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी रह सकती है। पैतृक सम्पत्ति से जुड़े विवाद उभर सकते हैं। परिवार के सदस्यों से दूरी बन सकती है और जीवनसाथी से जुड़ी कोई समस्या परेशान कर सकती है।

आर्थिक स्थिति : आर्थिक दृष्टि से यह गोचरावधि मिश्रित परिणाम देने वाली है। खर्चों में वृद्धि हो सकती है, लेकिन आय के स्रोतों से नियमित आमदनी होगी कर्ज बोझ कुछ हद तक कम होगा। भूमि और सम्पत्ति में किए गए निवेश से पिछली अवधि की तुलना में बेहतर परिणाम मिलने की संभावना है। हालाँकि, पैतृक सम्पत्ति को लेकर विवाद हो सकते हैं।

कॅरिअर और नौकरी : कॅरिअर के लिहाज से यह अवधि मिश्रित प्रभाव वाली है। कार्यस्थल पर अनुकूल माहौल न होने के कारण तनाव हो सकता है। उच्चाधिकारियों के साथ मतभेद या तनाव की स्थिति सकती है। इस अवधि में दूसरों पर अधिक भरोसा न करें और नियमों का पालन करते हुए समय पर काम पूरा करने का प्रयास करें। लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए मेहनत करना जरूरी है, क्योंकि लापरवाही नुकसानदायक हो सकती है।

कैसा रहेगा मिथुन राशि वाले जातकों का व्यवसाय?

मिथुन राशि के लिए शनि का दशम भाव में गोचर विशेष रूप से कार्य, जीवन और व्यवसाय पर प्रभाव डालने वाला होता है । इसके परिणामस्वरूप कार्यस्थल पर शारीरिक परिश्रम में वृद्धि होगी । ऐसे कार्य करने पड़ सकते हैं, जिनमें मजदूरों या अन्य व्यक्तियों से सीधा सम्पर्क रहेगा । ऐसे कामों में सफलता मिलने की सम्भावना अधिक है, जिनमें मेहनत की अधिक आवश्यकता हो । जितना आप मेहनत से दूर रहेंगे, उतनी ही कठिनाइयाँ और अवरोध उत्पन्न होंगे |

शनि की तीसरी दृष्टि द्वादश भाव पर पड़ रही है, जिससे इस अवधि में खर्चों में वृद्धि हो सकती है शनि के प्रभाव से शत्रुओं और प्रतिस्पर्धियों से भी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं खासतौर पर व्यवसाय में आन्तरिक समस्याएँ उभर सकती हैं और सरकारी निर्णयों के कारण खर्चों में वृद्धि हो सकती है । इस समय टैक्स सम्बन्धी मामलों में लापरवाही न बरतें, क्योंकि इससे आर्थिक नुकसान हो सकता है और कानूनी दण्ड भी भुगतना पड़ सकता है ।

दशमस्थ शनि की चतुर्थ भाव पर दृष्टि के परिणामस्वरूप पारिवारिक कारणों से व्यवसाय में रुकावट उत्पन्न हो सकती है । दूसरी ओर, व्यावसायिक व्यस्तताओं के कारण घर में भी समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं, जो आपकी मानसिक शान्ति को प्रभावित कर सकती है । इस अवधि में स्थायी सम्पत्ति के मामलों में विवाद की सम्भावना या  फिर सम्पत्ति सम्बन्धी कोई चिन्ता आपको परेशान कर सकती है ।

सप्तम भाव पर शनि की दृष्टि का प्रभाव जीवनसाथी और साझेदारों के साथ आपके सम्बन्धों को प्रभावित करेगा। जीवनसाथी की सक्रियता आपके व्यवसाय में बढ़ सकती है, लेकिन इसके साथ ही साझेदारों और स्थायी सप्लायर्स- ग्राहकों के साथ सामंजस्य स्थापित करने में कुछ कठिनाई हो सकती है । इस समयावधि में आपको अपने रिश्तों पर ध्यान देने की आवश्यकता है और विशेष रूप से किसी भी प्रकार की गलतफहमी से बचने का प्रयास करना चाहिए।

राहतकारी उपाय : जन्मराशि से दशम भाव में शनि गोचर पूरी तरह से शुभ नहीं है इसलिए निम्नलिखित उपाय करने चाहिए:

सातमुखी रुद्राक्ष धारण करें ।

पीपल के वृक्ष पर प्रतिदिन जल चढ़ाएँ और शनिवार को तेल का दीपक जलाएँ।

प्रतिदिन अपने घर के बुजुर्ग सदस्यों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लें ।  

रोगियों और वृद्धों की सेवा करें ।

 

मंगलवार, 18 मार्च 2025

कैसा रहेगा मीन का शनि मेष राशि के लिए

शनि ऐसा ग्रह है, जो गोचर के दौरान सबसे अधिक असर डालता है । बाकी ग्रहों की तुलना में इसका प्रभाव कहीं ज्यादा गहरा होता है । यदि शनि अशुभ स्थिति में हो, तो यह जीवन में कई तरह की परेशानियाँ ला सकता है, जबकि शुभ स्थिति में वह व्यक्ति को अभूतपूर्व सफलता दिला सकता है । इसलिए जब - जब शनि का गोचर बदलता है, तब - तब व्यक्ति के जीवन में बड़े बदलाव देखने को मिलते हैं । 29 मार्च, 2025 को रात 09:44 बजे शनि मीन राशि में प्रवेश करेंगे ।

आइए जानते हैं कि शनि का यह गोचर विभिन्न राशियों के लिए कैसा रहेगा और ज्योतिषीय दृष्टि से इसके क्या प्रभाव पड़ सकते हैं ?.

मेष राशि (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, आ)

मेष राशि के जातकों के लिए शनि के मीन राशि में गोचर से साढ़ेसाती की शुरूआत हो रही है । लोहे के पाये में आरम्भ हो रही इस साढ़ेसाती के दौरान व्यापार में हानि, मुकदमेबाजी, उच्चाधिकारियों से मतभेद, मानसिक तनाव, अनावश्यक यात्राएँ विवेकहीनता, अधिक कर्ज और सामाजिक बदनामी जैसी चुनौतियाँ आ सकती हैं ।

इस राशि के द्वादश भाव में गोचर कर रहे शनि की तीसरी दृष्टि धन भाव पर पड़ेगी, जिसके परिणामस्वरूप आकस्मिक एवं बड़े खर्चों के चलते संचित धन में कमी की परिस्थितियाँ उत्पन्न हो सकती हैं । द्वितीय भाव कुटुम्ब भाव भी है, अतः जातक को अपने कुटम्बियों एवं परिजनों के साथ भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है । रिश्तों में तनाव देखने को मिल सकता है ।

इस द्वादश भावस्थ शनि की सप्तम दृष्टि षष्ठ भाव पर रहेगी, जिसके चलते शत्रु सम्बन्धी समस्याओं में वृद्धि देखने को मिल सकती है । इसके अतिरिक्त खर्चों में वृद्धि के कारण कर्जे की परिस्थितियाँ उत्पन्न हो सकती हैं । पहले से चल रहे कर्जे को चुकाने में भी कठिनाई का अनुभव हो सकता है और उसके लिए कोई नया कर्जा लेने की परिस्थितियाँ भी बन सकती हैं । मुकदमे एवं सरकार में चल रहे मामलों में भी सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी अन्यथा विपरीत निर्णय भी हो सकता है ।

द्वादश भाव में गोचर कर रहे शनि की दशम पूर्ण दृष्टि भाग्य भाव पर रहती है, जिसके चलते एक ओर जहाँ भाग्य में कमी का अनुभव होगा, तो वहीं दूसरी ओर पिता के साथ रिश्तों में तनाव देखने को मिल सकता है । पिता के लिए कुछ समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं । उनके स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की आवश्यकता रहेगी । शनि की साढ़ेसाती शुरू होते ही इसका प्रभाव तुरन्त दिखने लगता है, जिससे जीवन में उथल-पुथल की स्थिति बन सकती है, अतः इस दौरान विशेष सतर्कता और संयम बनाए रखना जरूरी है और जोखिम भरे कार्यों से बचना चाहिए ।

स्वास्थ्य : इस गोचरावधि में स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष सावधानी रखने की आवश्यकता है । पुराने रोग बढ़ सकते हैं या नए रोग उभर सकते हैं, जिससे अस्पताल जाने की नौबत आ सकती है । मानसिक तनाव भी बना रह सकता है अधिक कार्यभार के कारण शारीरिक थकान और मानसिक दबाव महसूस होगा । डॉक्टर की सलाह से ही उपचार कराएँ और खानपान में संतुलन बनाए रखें । दुर्घटनाओं की संभावना, खासकर पैरों में चोट लगने की आशंका  रहेगी,इसलिए वाहन सावधानी से चलाएँ |

पारिवारिक जीवन: पारिवारिक सुख की दृष्टि से यह समयावधि अनुकूल नहीं रहेगी । क्रोध और कटु शब्दों के कारण घर में विवाद की स्थिति बन सकती है । पारिवारिक सदस्यों के बीच मतभेद हो सकते हैं और किसी प्रियजन से बिछुड़ने की सम्भावना भी बनी हुई है । किसी पारिवारिक सदस्य के स्वास्थ्य को लेकर चिन्ता उत्पन्न हो सकती है । विवाह योग्य युवक-युवतियों को शुरूआती कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन उत्तरार्ध में स्थितियाँ कुछ अनुकूल हो सकती हैं । घर से दूर रहने की सम्भावनाएँ बन सकती हैं |

आर्थिक स्थिति - आर्थिक रूप से यह समय चुनौतीपूर्ण रहेगा,आकस्मिक खर्च और अनावश्यक व्यय के कारण धन की कमी महसूस हो सकती है । आय के स्रोतों में बाधाएँ आ सकती हैं और ऋण लेने की स्थिति भी बन सकती है । लेन - देन में सतर्कता जरूरी है, क्योंकि धोखाधड़ी की सम्भावना बनी हुई है ।

नौकरी और कॅरिअर - नौकरीपेशा लोगों के लिए यह समय अनिश्चितताओं से भरा रहेगा । नौकरी छूटने, स्थानान्तरण या अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है | कार्यस्थल पर समस्याएँ बनी रहेंगी, जिससे असंतोष की भावना उत्पन्न हो सकती है सरकारी मामलों में भी दण्ड की सम्भावना बनी हुई है, अतः इस अवधि में सतर्कता बरतना जरूरी होगा |

मेष राशि वाले जातकों का व्यवसाय?

मेष राशि के व्यवसायियों के लिए शनि का मीन राशि में गोचर एक महत्वपूर्ण ज्योतिषीय घटना है, क्योंकि यह उनकी जन्म राशि से द्वादश भाव में स्थित रहेगा । इस गोचर के परिणामस्वरूप शनि की साढ़ेसाती प्रारम्भ होती है । यह समय व्यावसायिक क्षेत्र में काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है । खासकर व्यवसायियों के लिए इस समय में उनके कामकाजी जीवन में कई प्रकार की स्कावटें आर्थिक समस्याएँ और मानसिक तनाव हो सकते हैं ।

शनि का द्वादश भाव में गोचर विशेष रूप से व्यापारियों के लिए लाभकारी नहीं होता । द्वादश भाव को ज्योतिष शास्त्र में तनाव, हानि और व्यय का भाव माना गया है । जब शनि इस भाव में गोचर करते हैं, तो यह समय व्यापारियों के लिए एक कठिन चुनौती पेश कर सकता है । इस गोचर के परिणामस्वरूप व्यवसाय में अप्रत्याशित बाधाएँ उत्पन्न हो सकती हैं और लाभ में कमी आ सकती है । इसके साथ ही, व्यापार में मन्दी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिसके कारण व्यापारियों को नए कदम उठाने का मन कर सकता है अथवा वे अपने व्यवसाय को बदलने की सोच सकते हैं |

द्वादश भाव में शनि के प्रभाव के कारण व्यवसाय में कई प्रकार की समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं । इस समय व्यापार का टर्नओवर घट सकता है जिससे व्यावसायिक लाभ में कमी हो सकती है । चोरी, दुर्घटनाएँ, कर्मचारियों का असंतोष, शत्रुता और स रकारी निर्णयों के कारण भी व्यापार पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है । कभी-कभी तो आर्थिक दण्ड, बीमारी या अन्य आकस्मिक कारणों से भी व्यवसाय प्रभावित हो सकता है । इस दौरान व्यवसाय स्थल में परिवर्तन की स्थितियाँ भी बन सकती हैं |

शनि जब द्वादश भाव में गोचर करते हैं, तो उनका प्रभाव कुण्डली के द्वितीय भाव पर भी पड़ता है । द्वितीय भाव को धन और परिवार के साथ जोड़ा जाता है । इस अवधि में व्यापारियों को अपने कार्यों में सफलता प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है और संसाधनों की कमी हो सकती है । इसके साथ ही संचित धन का खर्चा भी बढ़ सकता है, जिससे आर्थिक स्थिति पर विपरीत असर पड़ता है । परिवार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाता और यह तनाव और चिन्ता का कारण बन सकता है |

द्वादश भाव में स्थित शनि चन्द्रकुण्डली के षष्ठ भाव को भी प्रभावित करते हैं । षष्ठ भाव शत्रुओं, कर्ज और शारीरिक समस्याओं का प्रतीक है इस कारण से शत्रुओं की संख्या बढ़ सकती है, मुकदमेबाजी और कानूनी विवाद हो सकते हैं, जो व्यवसायी को मानसिक तनाव में डाल सकते हैं । इसके अतिरिक्त वित्तीय संकट आ सकता है और कर्ज की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है दी गई उधारी अटक सकती है और देनदारियाँ बढ़ सकती हैं, जिससे और अधिक वित्तीय दबाव उत्पन्न हो सकता है ।

द्वादश भाव से शनि की दशम दृष्टि नवम भाव पर रहती है, जो भाग्य, पिता से रिश्ते आदि को प्रभावित करता है। इस स्थिति में भाग्य का साथ कम मिलता है, जिससे व्यवसाय में अपेक्षित उन्नति नहीं हो पाती । यदि व्यवसाय किसी पारिवारिक वा पैतृक सम्बन्धी कार्यक्षेत्र में है, तो इस अवधि में इसमें प्रगति की संभावनाएं कम हो सकती हैं और व्यापार से दूर होने की स्थितियाँ भी बन सकती हैं ।

शनि के प्रभाव को कम करने के उपाय : साढ़ेसाती के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए निम्नलिखित उपाय किए जा सकते हैं :

शनि के शुभ प्रभाव के लिए सातमुखी रुद्राक्ष की माला धारण करनी चाहिए । यह माला शनि के प्रभाव को सन्तुलित करने में मदद कर सकती है ।

ॐ प्रां प्रीं प्रौं सः शनये नमः 'मन्त्र का नियमित जप करे |

पीपल के पेड़ पर प्रतिदिन जल चढ़ाएँ और शनिवार को तेल का दीपक जलाएँ |

लोहे के पात्र में 250 ग्राम तिल का तेल लेकर उसमें अपनी परछाई देखकर दान करें |

कौवों को बासी रोटी खिलाएँ |