बुधवार, 25 नवंबर 2026

नया जेम्स बॉन्ड क्या कमाल दिखाएगा ?

 


एडवर्ड कलन, बैटमैन और अब रॉबर्ट पैटिनसन जिन्हें 'ट्वाइलाइट' के फैंस और कॉमिक बुक के दीवाने, दोनों ही बहुत पसंद करते हैं उन्हें अब पॉप कल्चर का सबसे खास 'लाइसेंस टू किल' अर्थात मारने का लाइसेंस मिल गया है ।

2025 में, जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी का क्रिएटिव कंट्रोल अमेज़न के पास आ गया हालांकि इयान फ्लेमिंग की इस रचना के सह मालिक अभी भी बारबरा ब्रोकोली और माइकल जी. विल्सन ही हैं, लेकिन अब 007 का बॉस कोई और है ।

जेफ बेजोस जिनका लुक काफी हद तक 'टुमॉरो नेवर डाइज' फिल्म के मीडिया मुगल और बॉन्ड विलेन, इलियट कार्वर से मिलता है पैटिनसन को चुनने की प्रक्रिया में काफी सक्रिय रहे बेजोस का कहना है कि उन्होंने खुद सभी पांच फाइनलिस्ट के स्क्रीन टेस्ट देखे । शुरुआत में उन्हें इस बात को लेकर थोड़ी हिचकिचाहट थी कि क्या किसी ऐसे व्यक्ति को चुना जाए जो पहले से ही इतना मशहूर है, लेकिन बाद में वे खुद पूरी प्रक्रिया में शामिल रहे ।

लेकिन अगर आप आज की 'रील्स' वाली पीढ़ी को लुभाना चाहते हैं, तो आपके पास एक ऐसा थंबनेल होना चाहिए जिसे देखते ही दुनिया भर के लोग उसे पसंद करें, उसकी तारीफ करें और अपने इस आइकॉन का जश्न मनाने के लिए उसे अपनी 'स्टोरीज' पर शेयर करें ।

लोगों को याद होगा कि 1995 में जब पियर्स ब्रॉसनन (जो उस समय 'रेमिंगटन स्टील' के स्टार थे) को 'लाइसेंस टू किल' मिला था, तो लोगों में कितना उत्साह था |

और अब, पैटिनसन आधिकारिक तौर पर सातवें ऐसे अभिनेता बन गए हैं, जिन्हें 'टीम एडवर्ड कलन' का यह स्वैग और लोकप्रियता विरासत में मिली है और अब यह 'बैट' (बैटमैन) दुनिया को बचाने के लिए गोथम छोड़ने को तैयार है । अमेज़न ने कास्टिंग का एक फैसला लेकर दो पीढ़ियों के फैंस को अपने साथ जोड़ लिया है और अगर आप 'यूफोरिया' की अभिनेत्री हंटर शेफर को भी इसमें शामिल कर लें जिनके बारे में चर्चा है कि वह नई 'बॉन्ड गर्ल' हो सकती हैं तो यह संख्या तीन पीढ़ियों तक पहुँच जाती है ।

अब, बात यह नहीं है कि बॉन्ड किसके साथ सोएगा या वह कौन से प्रोडक्ट बेचेगा (हालांकि अगर अंदाजा लगाना हो, तो शायद ये सभी प्रोडक्ट अमेज़न पर मिलें, जहाँ प्राइम मेंबर्स को 'सेम-डे डिलीवरी' भी मिल जाए)। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि नया बॉन्ड किससे और क्यू लड़ेगा?

जब इयान फ्लेमिंग ने 1953 में 'कैसिनो रॉयल' में अपने इस मशहूर किरदार को पेश किया था, तब दुनिया अलग-अलग विचारधाराओं वाले गुटों में बंटी हुई थी और ब्रिटेन अपने शाही रुतबे के खो जाने के सदमे से उबरने की कोशिश कर रहा था । बॉन्ड, फ्लेमिंग के उस ब्रिटेन की कल्पना था, जो अपनी असल ताकत से कहीं ज्यादा बड़ा प्रभाव डालने की क्षमता रखता था । बॉन्ड फिल्मों में मुख्य तनाव अक्सर इस बात पर होता है कि कोई मौजूदा विश्व व्यवस्था को उखाड़ फेंकना चाहता है और अपनी तरह से दुनिया चलना चाहता हैं ।

आज की असल दुनिया के विलेन जरूरी नहीं कि सिस्टम को खत्म करना चाहें कुछ लोग इस पर कब्जा करना चाहते हैं, इसे नियंत्रित करना चाहते हैं, इसमें हेरफेर करना चाहते हैं, या बस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए इसे अपने हिसाब से चलाना चाहते हैं । वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की 'ग्लोबल साइबरसिक्योरिटी आउटलुक 2026' रिपोर्ट के अनुसार, 94% लोगों का मानना ​​है कि साइबरसिक्योरिटी में बदलाव लाने में AI एक बड़ा कारक है, जबकि 87% लोगों ने AI से जुड़ी कमजोरियों को सबसे तेजी से बढ़ता साइबर खतरा माना है ।

हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट में आई वैश्विक खराबी, जिसने लगभग 24 घंटों तक आउटलुक, टीम्स और अन्य सेवाओं को ठप कर दिया था, जबकि वह कोई साइबर हमला भी नहीं था सोचिए, अगर सच में AI आधारित कोई साइबर हमला हो जाए, तो क्या होगा? एनवीडिया (NVidia) के जेन्सेन हुआंग के कथित तौर पर एक चीनी जासूस के जाल में फंसने और उनके अन्य मामलों की खबरों के कारण कंपनी को दो ट्रेडिंग सत्रों में 430 अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा हैं । क्या आपको 'TACO ट्रेड' याद है, जब ईरान विवाद के दौरान ट्रम्प की धमकियों और फिर पीछे हटने के कारण बाजारों में भारी उतार चढ़ाव आया था? या फिर परमाणु खतरे की आशंका के बीच ईरान में आयोडीन बांटे जाने की वे अफवाहें?

ऐसा लगता है कि आज की दुनिया चीजों को गलत होने से रोकने की कोशिश भी नहीं कर रही है; बल्कि, वह बस यह सीख रही है कि जब सब कुछ नियंत्रण से बाहर हो जाए और तकनीक खुद ही अराजकता और गलत सूचनाओं को बढ़ावा दे रही होतो उससे कैसे निपटा जाए।

एक स्वायत्त AI एजेंट, जो वित्तीय नेटवर्क, पावर ग्रिड, रक्षा प्रणालियों और संचार नेटवर्क में मौजूद कमजोरियों का पता लगा ले, वह पारंपरिक हत्यारों की एक पूरी फौज से भी कहीं ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता है लेकिन 'मिशन: इम्पॉसिबल' की पिछली दो फिल्मों में एथन हंट पहले ही बॉन्ड से आगे निकलकर इस तरह के खतरो से भरे  हालात का सामना कर चुके हैं।

शायद बॉन्ड का अगला मिशन किसी ऐसे व्यक्ति को रोकना हो, जो लोकतंत्र को खत्म नहीं करना चाहता, बल्कि उसे मतदाताओं से सलाह लेने की 'परेशानी' से बचाना चाहता है। वैसे, दुनिया के सबसे बड़े फिल्म स्टार टॉम क्रूज पहले ही इस तरह के डरावने हालात का सामना कर चुके हैं।

आज व्यंग्य ही वास्तविकता बन गया है, और जेम्स बॉन्ड जिस काल्पनिक दुनिया का प्रतिनिधित्व करते हैं, उसे अब दुनिया भर की अन्य जासूसी फिल्म फ्रेंचाइजी से कड़ी टक्कर मिल रही है । डैनियल क्रेग की पाँच फ़िल्मों ने 007 को एक इंसान के रूप में दिखाने की कोशिश की उन्हें चोटें लगीं, उन्होंने दुख झेला, प्यार किया, और यहाँ तक कि उन्हें देखकर ऐसा लगा जैसे उन्हें थेरेपी की ज़रूरत हो । वहीं दूसरी ओर, टॉम क्रूज़ के 'ईथन हंट' ने नामुमकिन लगने वाले शारीरिक कारनामों को अपनी पहचान बना लिया । 'मिशन: इम्पॉसिबल' सीरीज़ ने बॉन्ड के गैजेट्स और आसानी से बच निकलने के तरीकों को कुछ ज़्यादा ही आसान और सुविधाजनक बना दिया है।

यहा हम अगर अपने देश भारत की बात करें, तो यश राज फ़िल्म्स की सुपरहिट फ़िल्में 'टाइगर' और 'पठान' में जासूस दुश्मन जासूसों के साथ प्यार में पड़ते हैं, गाते नाचते हैं । वहीं, रिकॉर्ड तोड़ने वाली कुछ अन्य फ़िल्में अपने 'राष्ट्रीय सुरक्षा' वाले नैरेटिव में नोटबंदी का बचाव करती नज़र आती हैं। दूसरी तरफ, 'द फ़ैमिली मैन' के श्रीकांत तिवारी ने अपनी घरेलू उलझनों के ज़रिए दर्शकों के बीच एक खास जगह बनाई । उनके जैसे 'आम पड़ोसी' जासूस की पेशेवर ज़िंदगी तो असाधारण थी, लेकिन निजी ज़िंदगी आम लोगों की तरह ही उलझनों से भरी थी बेशक, बॉन्ड कभी श्रीकांत जैसा नहीं बन सकता ।

007 का पूरा मक़सद ही यही है कि वह ऐसा इंसान है, जो हममें से ज़्यादातर लोग कभी नहीं बन सकते लेकिन आज हम असल में क्या बनने की चाह रखते हैं? यह सवाल हमें वापस इस बात पर ले आता है कि आज बॉन्ड किसे रिपोर्ट करता है? वह असल में किसके लिए काम करता है?

जो कंपनी अलग अलग बाज़ारों में करोड़ों उपभोक्ताओं तक पहुँचती है, वह समझती है कि 'बॉन्ड' का हर जगह पसंद किया जाना ज़रूरी है लेकिन वैश्विक स्तर पर पसंद किए जाने का मतलब यह नहीं है कि हर किसी को खुश करने की कोशिश की जाए । नए प्रबंधन के तहत, बॉन्ड के एक ऐसे 'लाइफस्टाइल ब्रांड' में बदलने का ख़तरा है, जिसकी वितरण रणनीति अंतरराष्ट्रीय स्तर की हो ।

हो सकता है कि अमेज़न MGM को 007 के अधिकार मिल गए हों, लेकिन ऐसा नहीं है कि उन्हें आज के दौर में बॉन्ड को प्रासंगिक बनाए रखने का कोई गुप्त सूत्र मिल गया है । फ्लेमिंग का बॉन्ड एक ऐसी कल्पना थी जो एक विशेष भू राजनीतिक दौर में पैदा हुई थी । क्रेग का बॉन्ड 9/11 के बाद की उस दुनिया को दर्शाता था, जहाँ खुफिया तंत्र कमज़ोर था, निगरानी का बोलबाला था और व्यक्तिगत आघात (ट्रॉमा) मौजूद थे । पैटिनसन का बॉन्ड एक ऐसी दुनिया में आएगा जहाँ जानकारी ही एक हथियार बन गई है, निजी ताकतें सार्वजनिक संस्थाओं को टक्कर दे रही हैं, और मित्र तथा व्यावसायिक साझेदार के बीच का फ़र्क धुंधला होता जा रहा है । ईरान अमरीका युद्ध के बाद ज़रा तेल की कीमतों को ही देख लीजिए ।

उम्मीद है कि डेनिस विलेन्यूवे इस राजनीतिक पहलू को सही ढंग से पेश करेंगे। उन्होंने हमें ऐसी दुनिया दिखाई है जहाँ सत्ता, साम्राज्य और इंसानी मूर्खता आपस में टकराते हैं। बॉन्ड के लिए इससे कम कुछ भी स्वीकार्य नहीं होगा। आख़िरकार, एक ऐसी दुनिया में जहाँ हर कोई किसी न किसी को कुछ न कुछ पहुँचा रहा है, 007 को ही वह व्यक्ति होना चाहिए जो पूछे कि इस पैकेज के अंदर आख़िर है क्या ।

ब्रिटिश अभिनेता रॉबर्ट पैटिन्सन नए जेम्स बॉन्ड (007) चुने गए हैं । Amazon MGM Studios ने 16 नवंबर 2026 को इसकी आधिकारिक घोषणा की । वे डैनियल क्रेग के बाद इस किरदार को निभाने वाले सातवें अभिनेता होंगे ।


कोई टिप्पणी नहीं: